रामनवमी पर टोंक नगर में निकलेगी भव्य शोभायात्रा, पीले चावल बांटकर दिया गया आमंत्रण
टोंक। रामनवमी के पावन पर्व पर 6 अप्रैल को टोंक नगर में एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। नव वर्ष समारोह समिति द्वारा इस शुभ आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। समिति के कार्यकर्ताओं ने शहरवासियों को इस दिव्य शोभायात्रा में शामिल होने के लिए परंपरागत ढंग से पीले चावल बांटकर स्नेहपूर्वक आमंत्रण दिया। यह भव्य शोभायात्रा 6 अप्रैल को सुबह 8 बजे गांधी खेल मैदान से आरंभहोगी, जो शहर के मुख्य बाजारों, बड़े कुएं और घंटाघर होते हुए गीता मंदिर तक पहुंचेगी। शोभायात्रा के मार्ग को भक्तिमय झांकियों, बैंड-बाजों और धर्म ध्वजाओं से सजाया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए नव वर्ष समारोह समिति के सक्रिय सदस्य विनायक जैन, ब्रजराज शर्मा, राकेश प्रजापत, सत्यनारायण यादव, अजीत गुप्ता, हरिओम शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने शहरभर में घूमकर पीले चावल बांटे और नगरवासियों को आयोजन में भाग लेने का आमंत्रण दिया। समिति का उद्देश्य है कि नगरवासियों को धर्म, संस्कृति और उत्सव से जोड़ते हुए एकता व समरसता का संदेश दिया जाए। आयोजन को लेकर शहर में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल है।